अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण – दीपेन्द्र हुड्डा
• अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की दी शुभकामनाएं, कहा श्रमिक प्रगति का मूल आधार हैं
• फैक्ट्री मालिक व छोटे-बड़े दुकानदार अपने मजदूर भाईयों का ध्यान रखें
• सरकार तुरंत फैक्ट्री मालिकों व छोटे-बड़े दुकानदारों को राहत दे
रोहतक।
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। अपने सन्देश में उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से करोड़ों मजदूरों की रोजी-रोटी छिन गई है। हम सब इकट्ठे काम करके ही इस संकट से निजात पा सकते हैं, दोबारा खड़े हो सकते हैं। इसमें श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि वो किसी भी प्रगति का मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन की सबसे बड़ी चोट सबसे पहले मजदूर वर्ग पर ही पहुंची। जगह-जगह से खबरें आ रही हैं कि मजदूरों को निकाला जा रहा है, उनकी तनख्वाह में कटौती की जा रही है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने फैक्ट्री मालिकों व छोटे-बड़े दुकानदारों से आग्रह किया कि उनके लिए यह देशसेवा का अवसर है। वे अपने मजदूर भाईयों का ध्यान रखें, उनके घरों में ज्योति जलती रहे ये उनका फर्ज है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री वालों, दुकानदारों को मजदूरों की तनख्वाह, बिजली का फिक्स बिल, किराया, बैंक लोन का ब्याज और किश्त अदायगी जैसे खर्चे सहन करने पड़ रहे जबकि, कोई बिक्री नहीं हो रही। ऐसे में उनकी आर्थिक स्थिति ज्यादा लंबे समय तक ठीक नहीं रहेगी। दीपेन्द्र हुड्डा ने सरकार से अपील करी कि फैक्ट्री वालों, MSME वर्ग, दुकानदारों को तुरंत विशेष राहत दें, ताकि अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बना रहे और हमारे देश की अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने में ये सेक्टर बड़ी भूमिका निभा सके।
हुड्डा ने कहा कि फैक्ट्री वालों, दुकानदारों को राहत देने के लिये कई तरह के उपाय सुझाते हुए बताया कि उनके लोन पर ब्याज माफ किये जा सकते हैं, मार्केटिंग बोर्ड की दुकानों का किराया माफ किया जा सकता है, बिजली के बिलों में राहत दी जा सकती है। ब्याज मुक्त कर्ज से मजदूरों की तनख्वाह की व्यवस्था के लिए मदद की जा सकती है। कुल मिलाकर फैक्ट्री मालिकों को भी परेशानी न हो, मजदूरों को भी परेशानी न हो और हमारे देश की अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने में मदद हो सके।
The post अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण – दीपेन्द्र हुड्डा appeared first on Zabardast Haryana.
Comments
Post a Comment