कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जन जागरूकता बेहद जरूरी
झज्जर
कोविड-2019 वैश्विक महामारी का फैलाव झज्जर जिला में न हो इसके लिए पूरी योजनाबद्ध तरीके से प्रशासन की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त जितेंद्र कुमार के निर्देशानुसार झज्जर जिला के चारों उपमंडल में पूरी सजगता के साथ कोरोना संक्रमण का फैलाव न हो इसके लिए आमजन को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को झज्जर में एसडीएम शिखा ने कोरोना वायरस से बचाव की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा हेतु संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
एसडीएम शिखा ने कहा कि जिलाधीश जितेंद्र कुमार की ओर से कोरोनावायरस (कोविड-19) संक्रमण के तहत जिला झज्जर में शहरी क्षेत्र झज्जर तथा बहादुरगढ़ के वार्ड नंबर 18 सहित गांव सुलौधा को कांटेमेंट एरिया (नियंत्रित क्षेत्रों) घोषित किया है। उन्होंने कहा कि अब नियत्रित क्षेत्र में आमजन को उनके घर पर ही आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी और अध्धिकृत किए गए दुकानदारों से ही सामान फोन करके मंगा सकते हैं। साथ ही उक्त एरिया में किसी को दवा की भी जरूरत होगी, तो उसे लेने के लिए बाहर निकलने की आवश्यकता नहीं है अधिकृत कैमिस्ट शॉप से ही कॉल कर दवा भी मंगा सकते हैं।
एसडीएम ने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमित क्षेत्र में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, शहरी निकाय कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन के अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित क्षेत्र के निवासियों को घर से बाहर घूमने की भी इजाजत नहीं है। यदि ऐसे में कोई निवासी बिना किसी गंभीर कारण के घूमता पाया गया तो उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। कोरोना संक्रमित क्षेत्र में समय-समय पर लोगों की स्वास्थ्य जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा करवाई जाएगी जिसके लिए वहां के निवासियों का सहयोग अपेक्षित रहेगा। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी नियमित सैंपलिंग करते हुए लोगों को जागरूक करने की बात कही।
कोरोना से बचाव के लिए क्या करें:
एसडीएम झज्जर शिखा ने कहा है कि कोरोना से बचने के लिए आमजन अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान दें, साबुन से लगातार हाथ धोते रहें, छींकने और खांसने के दौरान अपना मुंह ढकें, जब आपके हाथ गंदे दिखें तब अपने हाथों को साबुन और पानी से धोएं, जब आपके हाथ स्पष्टï रूप से गंदे न हो तब भी अपने हाथों को अल्कोहल आधारित सैनेटाइजर, हैंडवाश या साबुन और पानी से साफ करें व टिशु से हाथ पोंछें। प्रयोग के तुरंत बाद टिशु को किसी बंद डिब्बे मेंं फेंक दें, अस्वस्थ महसूस होने पर स्वास्थ्य विभाग टीम को बताएं।
The post कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जन जागरूकता बेहद जरूरी appeared first on Zabardast Haryana.
Comments
Post a Comment