सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मास्क और सेनिटाइजर का कराया वितरण
रोहतक।
राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज महम, सांपला शहर, झज्जर के कई इलाकों में निजी डॉक्टरों, क्लीनिकों, छोटे सरकारी अस्पतालों एवं ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों के लिए हजारों मास्क और सेनिटाइजर का वितरण कराया। महम खेड़ी स्थित शिवानंद धर्मार्थ औषधालय में सेनिटाइजर और मास्क भेजे, जहाँ इन्हें डॉ. कृष्ण कुमार लाम्बा ने प्राप्त किया । डॉ. लाम्बा ने सांसद के प्रयासों की सरहाना की और कहा कि वे बखूबी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियां निभा रहें हैं। शिवानंद औषधालय में महम ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर से लोग इलाज के लिये आते हैं। यहां मरीजों के निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध कराई जाती हैं। सांसद दीपेन्द्र ने सांपला शहर में कोरोना को मात देने में लगे हुए डॉक्टरों को उनके क्लीनिक पर मास्क व सेनिटाइजर भिजवाये ताकि, मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ खुद का बचाव करते हुए मरीजों की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि जब भी देश पर संकट आता है तो पूरा देश एक हो जाता है, यही भारत की खूबी है। निजी डॉक्टर, निजी क्लीनिक, छोटे सरकारी अस्पताल, निजी अस्पताल, मेडिकल, पैरा मेडिकल स्टाफ, पुलिसकर्मी एवं मीडियाकर्मी समेत विभिन्न लोग अपने स्तर पर कोरोना के खिलाफ जंग में अग्रिम मोर्चे पर डटे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और उन्हें किसी चीज़ की कमी न होने देना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने झज्जर में आमजन की सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों के लिए भी काफी संख्या में मास्क और सेनिटाइजर प्रदान किये। इससे पहले कल कलानौर हलके में डॉ. सतीश चुघ के क्लिनिक से इस मुहिम की शुरुआत की गई थी।

दीपेन्द्र हुड्डा ने सहायता कार्यों में जुटी स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यक्तियों से अपील करी कि इस कार्य के लिये जहां कहीं भी इन चीजों की जरुरत हो तो उन्हें सूचित करें। वे यथा शक्ति उनका सहयोग करेंगे और करवायेंगे। इसके साथ पहले भी टीम दीपेन्द्र हरियाणा के हर कोने में गरीब, प्रवासी मजदूरों को भोजन, जरूरत के सामान देने में दिन-रात जुटी हुई है। इसके अलावा टीम दीपेन्द्र ने देश के अन्य राज्यों में फंसे हरियाणावासियों की हर संभव मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने संकट की इस घड़ी में एकजुट होकर मदद का हाथ बढाने वाले सभी राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान घरों में रह रहे लोगों के संयम की तारीफ करते हुए कहा कि इस कार्य के लिये सारा भारत एकजुट है। सभी राजनीतिक दल दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट हो कोरोना के खिलाफ युद्ध में लगे हुए हैं। 135 करोड़ भारतीय कोरोना के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं। इस एकजुटता को देखते हुए मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भारत जीतेगा, कोरोना हारेगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना रुपी राक्षस से पूरी दुनिया जूझ रही है। हम ज्यादा से ज्यादा अपने-अपने घरों में रहकर ही कोरोना से बचाव कर सकते हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इन दिनों कोरोना संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि देखने में आयी है। ऐसे में जरूरी है कि देश व प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देशों, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कड़ाई से करें। हम अपने गाँव, गली, मोहल्ले की ठीकरी पहरेदारी करें। हमें सुनिश्चित करना है कि गाँव-मोहल्ले में कोई अनावश्यक आवाजाही न हो। ताकि हम, हमारा परिवार, हमारा गाँव, हमारा प्रदेश और हमारा देश सुरक्षित रहे।
The post सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मास्क और सेनिटाइजर का कराया वितरण appeared first on Zabardast Haryana.
Comments
Post a Comment