शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की निगरानी

  • जिलाधीश जितेंद्र कुमार के आदेशों की अनुपालना करवा रही है पुलिस
  • डीआईजी एवं एसपी अशोक कुमार हर गतिविधि पर रख रहे हैं नजर


झज्जर,





कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने एवं आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर झज्जर पुलिस प्रशासन की ओर से लॉकडाउन के नियमों का प्रभवी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। डीआईजी एवं एसपी झज्जर अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल जिलाधीश जितेंद्र कुमार की ओर से निरंतर जारी किए जा रहे आदेशों को क्रियांवयन हो रहा है। देश की राजधानी दिल्ली के साथ सटे झज्जर जिला में प्रशासन की मुस्तैदी का ही परिणाम है कि अब तक एक भी कोरोना पोजिटिव केस नहीं है।






जिला झज्जर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की निगरानी हो रही है। झज्जर पुलिस शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा महामारी के संक्रमण के फैलाव की रोकथाम के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकाबंदी सहित अनेक गश्त पार्टियों को तैनात किया गया है। लॉक डाउन में पुलिस प्रशासन समर्पण भाव से कदम उठा रही है और जनहित की सोच के साथ ही लगातार आमजन को अपने घरों में रहने तथा सावधानियां रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। झज्जर जिला की अन्य जिलों तथा दिल्ली के साथ लगती सीमाओं पर विशेष नाकेबंदी करके जिला की सीमाओं को  सील कर दिया गया है। विशेष नाकों पर तैनात पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा श्रमिकों के पलायन को रोकने सहित प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है।






लॉक डाउन के मद्देनजर राजधानी सीमा के साथ लगते एरिया में विभिन्न स्थानों पर इंटरेस्टेट  नाके तथा अन्य जिलों की सीमाओं के साथ इंटर डिस्ट्रिक्ट नाके लगाकर सीमाओं को सील किया गया है। दिल्ली सीमा के साथ लगते एरिया में 10 नाके तथा अन्य जिला की सीमाओं के साथ लगते 14 नाके लगाए गए हैं। झज्जर शहर व बाईपास के एरिया में 18 विशेष नाके लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त थाना स्तर पर जिला में अनेक चिन्हित स्थानों पर भी विशेष नाके लगाए गए हैं। लॉकडाउन के तहत जिला की सीमाओं को सील करने के लिए लगाए गए 24 नाकों के अतिरिक्त जिला भर में अलग-अलग स्थानों पर करीब 51 विशेष नाकों सहित कुल 75 नाके लगाए गए हैं। 75 नाकों के अतिरिक्त जिला भर में 25 पीसीआर तथा 25 राइडर्स भी तैनात की गई है। नाका, पीसीआर व राइडर सहित लॉक डाउन के तहत जिला भर में  करीब 1800  पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनात किया गया है। शहरी व ग्रामीण आबादी वाले एरिया में विशेष नाकाबंदी करके व गश्त पार्टियों द्वारा आम लोगों को घरों में रहने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लॉकडाउन के तहत बेवजह घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह से पाबंदी है।






डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने जानाकारी देते हुए बताया कि झज्जर जिला पुलिस द्वारा जिला भर में शहरी एवं ग्राम स्तर पर आम लोगों को लॉक डाउन का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझ कर लॉक डाउन का पालन नहीं करता तो उसके खिलाफ धारा 188, 269, 270, 271 तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर झज्जर पुलिस द्वारा अब तक 116 मामले अंकित किए गए हैं। जिनमें 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। लॉक डाउन का उल्लंघन करके बेवजह घूमने वाले करीब 3361 वाहनों का चालान किया गया है। जिनमें से 186 वाहनों को इंपाउंड किया गया है। नियमों की अवहेलना करते पाए जाने वाले वाहन चालकों से 12,96,300 रुपये बतौर जुर्माना वसूल किया गया।






डीआईजी के दिशा निर्देशानुसार लॉक डाउन की ड्यूटियों में तैनात जवानों को जलपान, फल, पीने का स्वच्छ पानी तथा विटामिन सी की गोलियों सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। नाकों पर तैनात जवानों को खाना, पीने का स्वच्छ जल, फ्रूट तथा विटामिन सी की गोलियों व मच्छरों से बचाव के लिए ऑडोमास सहित मैडिकल चैकअप की सुविधा मौका पर ही उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिला के सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए महामारी संक्रमण से बचाव के मध्य नजर पर्याप्त मात्रा में मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध करवाए गए हैं। नाका व अन्य ड्यूटियों पर तैनात पुलिस के जवानों को एक दूसरे से उचित दूरी बनाए रखने तथा लाठी-डंडों व अन्य उपकरणों को भी लगातार सैनिटाइज करने बारे आवश्यक दिशा निर्देश किए गए हैं। जिला पुलिस कार्यालय सहित पुलिस लाईन व सभी थाना चौकियों में संक्रमण से बचाव व स्वच्छता के मद्देनजर लगातार छिड़काव करके सैनिटाइज करने का कार्य किया जा रहा है।






नाकों पर तैनात प्रत्येक जवान की स्वास्थ्य संबंधी जांच लगातार जारी :
लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी पर तैनात जवानों के स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए जवानों के स्वास्थ्य संबंधी जांच करने का कार्य लगातार जारी है। नागरिक अस्पताल झज्जर तथा पुलिस लाइन झज्जर में स्थित डिस्पेंसरी प्रभारी के नेतृत्व में विभिन्न टीमों द्वारा झज्जर पुलिस के जवानों के स्वास्थ्य संबंधी जांच की जा रही है। विशेष टीमों द्वारा जवानों के स्वास्थ्य संबंधी जांच के अतिरिक्त थर्मल स्केनर उपकरण की मदद से जवानों का बॉडी टेंपरेचर चैक किया जा रहा है।






इम्यूनिटी पावर के लिए पुलिसकर्मियों को विटामिन सी की खुराक :
 लॉक डाउन के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने में दिन रात नाकों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के लिए विटामिन सी की गोलियों का वितरण किया जा रहा है। महामारी संक्रमण को रोकने के मध्येनजर नाको व अन्य ड्यूटियों पर तैनात पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से विटामिन सी युक्त खुराक मुहैया कराई जा रही है। जिसके लिए पुलिस कर्मियों को विटामिन सी की गोलियां तथा संतरा, किन्नू या  विटामिन सी से भरपूर अन्य फल पुलिस विभाग की ओर से जवानों को मुफ्त में प्रतिदिन वितरित करवाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त जवानों को स्वास्थ्य के मध्येनजर एचसीक्यू (हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन) की गोलियां भी वितरित की जा रही है।






संक्रमण आपदा ड्यूटी में तैनात जवानों के लिए पीपीई किट :
           डीआईजी अशोक कुमार ने बताया कि महामारी संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए विशेष आपदा टीमों में तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए पीपीई किट उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त आपात समय को मध्येनजर रखते हुए सभी थाना, चौकियों व पीसीआर को पर्याप्त मात्रा में पीपीई किटस उपलब्ध हैं। संक्रमण उपचार के लिए बनाए गए केंद्रों व आसपास तैनात पुलिस के जवानों को भी पीपीई किट उपलब्ध करवाई जा रही है। पुलिस के जवानों को खाना, फल, स्वच्छ पानी, टेबलेटस व ऑडोमास इत्यादि वितरित करने के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की अनेक टीमों द्वारा जरूरतमंद, बेसहारा लोगों को भी खाना तथा फल इत्यादि लगातार वितरित करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं ढाबे बंद होने के कारण हाईवे तथा केएमपी पर स्थानीय पुलिस द्वारा वाहन चालकों को मुफ्त में खाना वितरित करने का कार्य किया जा रहा है।
 डीआईजी के दिशा निर्देश अनुसार झज्जर पुलिस द्वारा कोविड-19 के संबंध में जिला के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। जिसमें गृह मंत्रालय भारत सरकार, मुख्य सचिव हरियाणा सरकार एवं पुलिस महानिदेशक हरियाणा व अन्य उच्च अधिकारियों की तरफ से जारी किए जाने वाले दिशानिर्देशों को जमीनी स्तर पर लागू करने व  उनका पालन करने के संबंध में अवगत कराया जाता है। झज्जर पुलिस में तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करवाने बारे जागरूक किया गया है। अधिकतर जवानों द्वारा आरोग्य सेतु एप को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर लिया गया है।


The post शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की निगरानी appeared first on Zabardast Haryana.

Comments

Popular posts from this blog

सिरसा में ड्रग पेडलिंग के आरोप में दो गिरफ्तार

विज की चेतावनी, SP देने पहुंचे रिपोर्ट

बिग ब्रेकिंग : निर्भया के दोषियों को कल नहीं होगी फांसी…..अगले आदेश तक के लिए कोर्ट ने लगायी रोक…. कल सुबह दी जानी थी चारों दोषियों को फांसी